वीके सूद मुख्य संपादक

वर्ष 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और उत्तर प्रदेश निवासी रामसुभग सिंह हिमाचल प्रदेश के नए मुख्य सचिव बन गए हैं।
आज निवर्तमान मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची के सरकारी सेवा से इस्तीफा देने के बाद जयराम सरकार ने रामसुभग सिंह की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए। इस्तीफे के लिए तीन माह के नोटिस पीरियड की अवधि को भी सरकार ने रिलैक्स कर दिया। खाची को सरकार ने प्रदेश का नया राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त कर दिया।
पी मित्रा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से राज्य निर्वाचन आयुक्त का पद रिक्त चला आ रहा था। खाची के इस्तीफे और नई नियुक्ति के बाद रामसुभग सिंह ही कैडर में मौजूद सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। उनके मुख्य सचिव बनने के साथ ही प्रदेश सरकार ने उनके पास रहे विभागों का भी अन्य अधिकारियों में बंटवारा कर दिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा आरडी धीमान को उद्योग और श्रम एवं रोजगार तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री जगदीश चंद शर्मा को परिवहन, एमडी रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कारपोरेशन का अतिरिक्त जिम्मा सौंप दिया है।
