तहसील चौक कांगड़ा से कांगड़ा किला तक होगा ‘‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ का आयोजन

FIT INDIA FREEDOM RUN

0

  तहसील चौक कांगड़ा से कांगड़ा किला तक होगा ‘‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ का आयोजन
धर्मशाला

नेहरू युवा केन्द्र संगठन की लेखा व कार्यक्रम सहायक नीलम चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत की स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र धर्मशाला द्वारा 14 अगस्त, 2021 को प्रातः 9 बजे तहसील चौक कांगड़ा से कांगड़ा किला तक ‘‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम कांगड़ा अभिषेक वर्मा कांगड़ा किला में बतौर मुख्यतिथि शिरक्त करेंगे तथा डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा तहसील चौक से ‘‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौड़ में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी, युवा मंडलों तथा जिला यूथ क्लबों के साथ एनएसएस के स्वयंसेवियों के 75 प्रतिभागी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि ‘‘आजादी के अमृत महोत्वस’’ के अन्तर्गत नेहरू युवा केन्द्र संगठन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश के सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के 744 जिलों में 13 अगस्त, 2021 से 02 अक्तूबर, 2021 की अवधि में ‘‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एक जिला स्तरीय दौड़ तथा इसके उपरांत जिले के 75 कस्बों और गांवों में नेहरू युवा केन्द्र व एनएसएस, स्वयंसेवकों और युवा क्लब पदाधिकारियों द्वारा 75 विभिन्न ब्लॉकों के कस्बों व गांवों में दौड़ के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगें।
उन्होंने बताया कि ‘‘जन भागीदारी से जन आंदोलन’’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में आयोजित किये जा रहे प्रति जिले के सभी 76 कार्यक्रमों में कम से कम 75 लोगों की प्रतिभागिता होगी। इस प्रकार जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इस कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कम से कम 42 लाख 75 हजार युवाओं की प्रतिभागिता होगी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत राज्य/जिले में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला व ग्राम स्तरीय दौड़ के इन कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, पर्यावरणविदों, संस्कृति कर्मियों, योग एवं खेल से सम्बन्धित महानुभावों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय व्यक्तियों को निमंत्रित किया जा रहा है। इस विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति तथा युुवाओं के साथ इनके सम्वाद से युवाओं को स्वतन्त्रता संग्राम एवं देश के विकास की गाथा के विषय में प्रेरक जानकारी मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.