राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण : विपिन सिंह परमार

विधान सभा अध्यक्ष ने अरला में 332 लाभार्थियों को वितरित किये इंडक्शन हीटर

0

 B K Sood chief editor

Bksood: Chief Editor

*राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण : परमार*
*विधान सभा अध्यक्ष ने अरला में 332 लाभार्थियों को वितरित किये इंडक्शन हीटर*

पालमपुर, 22 जुलाई :- राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिये बचनबद्ध है।
विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने यह उदगार गुरुवार को सुलाह विधान सभा क्षेत्र के संगम पैलेस अरला में हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के 332 लाभार्थियों को इंडक्शन हीटर वितरित करने के उपरांत व्यक्त किये।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का गठन वर्ष 2009 में असंगठित क्षेत्र श्रमिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के साथ -साथ उन्हें सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिये किया गया था।

*कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें श्रमिक*

परमार ने कहा कि प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिये क़ानून लागू होने से कामगारों को लाभ मिलना आरम्भ हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों तथा इनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों इसके लिये श्रम कानूनों में संशोधन किया गया ताकि श्रमिकों को अधिक लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि बोर्ड से पंजीकृत श्रमिकों जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं उन्हें अपनी अथवा बच्चों की शादी के लिए 51 हजार रुपए की सहायता , मातृत्व/पितृत्व प्रसुविधा में बच्चे के जन्म पर 25000 रुपए की सहायता, आठवीं से पीएचडी, इंजीनियरिंग, मेडिकल शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता, मेडिकल चिकित्सा सहायता 50 हजार से एक लाख तक, पेंशन सुविधा, अंतिम संस्कार और पंजीकृत श्रमिक की मृत्यु दुर्घटना में होने पर 4 लाख तथा प्राकृतिक मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है।

*कांगड़ा के 15360 श्रमिकों को 15 करोड़ 60 लाख के लाभ*
*सुलाह के श्रमिकों को सवा दो करोड़ के लाभ*

उन्होंने कहा ज़िला कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से जिला कांगड़ा में सराहनीय कार्य हुआ है और इसमें असंगठित क्षेत्र के 15360 श्रमिकों को अब तक 15 करोड़ 59 लाख 56 हजार 10 रुपये के विभिन्न लाभ उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में सुलाह हलके में भी 1407 श्रमिकों को 2 करोड 25 लाख 62 हजार 800 रुपये की सहायता श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, शादी, अंतिम संस्कार और दवाइयों इत्यादि के लिये उपलब्ध करवाई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 835 इंडक्शन हीटर, 631 सोलर लैंप और 835 साईकल भी वितरित की गई हैं।

*योजनाओं के प्रति लोगों को जानकारी दे अधिकारी*

परमार ने असंगठित क्षेत्र के सभी कामगारों से हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण करवाने की अपील ताकि अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने श्रम विभाग और हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अधिकारियों को पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को इन योजनाओं के प्रति जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश भी जारी किये।

इससे पहले ज़िला श्रम अधिकारी, आर के शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिये चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पालमपुर मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, मंडल महामन्त्री सुखदेव मसन्द, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य तनु भारती, बीडीसी भवारना की अध्यक्ष अनिता चौधरी, ज़िला महिला की अध्यक्ष रागिनी रुकवाल, सुधा राणा, रविंदर कुमार , ओम प्रकाश चौधरी, बीडीओ भवारना संकल्प गौतम, बीडीओ सुलाह सिकंदर कुमार, डीएफओ नितिन पाटिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।

,

राजेश सूर्यवंशी एडिटर इन चीफ

Leave A Reply

Your email address will not be published.