डरोह गढ़ पेयजल सुधार पर व्यय होंगे 13 करोड़ : परमार

ज़रूरतमन्द वर्गों के प्रति सरकार संवेदनशील

0

*डरोह गढ़ पेयजल सुधार पर व्यय होंगे 13 करोड़ : परमार*

*ज़रूरतमन्द वर्गों के प्रति सरकार संवेदनशील*

RAJESH SURYAVANSHI
Editor-in-Chief
HR MEDIA GROUP

पालमपुर, 7 दिसंबर:- प्रदेश सरकार समाज के सभी ज़रूरतमन्द वर्गों के प्रति संवेदनशील है और सभी को राहत देने के लिए कृतसंकल्प है।
यह जानकारी विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्य्म से लाभार्थियों को राहत राशि वितरित करने और 25 लाख से निर्मित होने वाले समुदायिक भवन का शिलान्यास करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए दी।


उन्होंने कहा कि पेयजल योजना डरोह गढ़ के सुधार पर लगभग 13 करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं और इस योजना में साढ़े 10 किलोमीटर 10 इंच की पाइप चौकी से बिछाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक नया ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के अतिरिक्त सभी पुरानी पाइपों को बदला जायेगा और जमूला में 1 लाख 35 हजार लीटर क्षमता का ओवर हेड टैंक बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उठाऊ सिंचाई योजना गढ़ के निर्माण पर 5 करोड़ 11 लाख रुपये व्यय किये जा रहे हैं और इससे जमूला, गढ़ खास, भोडा, गढ़ मलकेहड़ पंचायतों की 250 कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और सुधार पर लगभग 4 करोड़ रुपये व्यय किया जा रहा हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की अनेक जनकल्याण की योजनाओं लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि ”शगुन“ योजना में निर्धन परिवारों की बेटियों को विवाह के समय 31 हज़ार रुपये का अनुदान दिया जा रहा रहा है और इस योजना में पचास करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा के महत्व को समझते हुए इसमें अभूतपूर्व विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पाँच लाख सतहत्तर हज़ार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है और इस पर प्रतिवर्ष पर राज्य सरकार 875 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चालीस हज़ार अतिरिक्त लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने के लिए साठ करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाया गया है और इसके लिये एक नई योजना ”स्वर्ण जयन्ती नारी सम्बल योजना“ आरम्भ कर 65 से 69 वर्ष तक की आयु की सभी पात्र महिलाओं को बिना आय सीमा के 1,000 (एक हज़ार) रुपये प्रति माह की दर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। इस योजना में लगभग 60,000 महिलायें लाभान्वित हो रही है और इसपर 55 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया गया है। हिमकेयर योजना योजना में नागरिकों को 5 लाख की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रारम्भ की गई है। जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता, स्वास्थ्य सहायता कोष के अतिरिक्त लाइलाज बीमारियों से ग्रसित लोगों को सहारा योजना में 3 हजार प्रतिमाह दिया जा रहा है।
उन्होंने इस अवसर पर जमूला पंचायत सामुदायिक सेवा केंद्र के लिये 5 लाख, पंचायत घर के सुधार को 5 लाख, दो लिंक मार्गों के डेढ़-डेढ़ लाख तथा 5 महिला मंडलों को 11-11 हजार देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में भाजपा मण्डल अध्यक्ष देश राज शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष कुसुम चौधरी, प्रधान ग्राम पंचायत जमूला की प्रधान रीना देवी, उपप्रधान अशोक शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रागिनी रुकवाल, सुधा राणा, जोगिंदर चौहान, सुरेश कटोच, प्रधानाचार्य विजय शर्मा, बीएमओ डॉ दिलावर देओल, बीडीओ सिकंदर कुमार, नायब तहसीलदार अनिल शर्मा, एसडीओ हिमांशु वर्मा और अश्वनी शर्मा, प्रधानाचार्य आईटीआई विनोद धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.